Fri. Feb 6th, 2026

विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करें

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कलक्ट्रेट सभागार में जिला योजना के अंतर्गत कम प्रगति वाले 17 विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की। उन्होंने निर्देश दिए कि 15 फरवरी तक कार्यों में संतोषजनक प्रगति सुनिश्चित की जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों का फरवरी माह का वेतन आहरित नहीं किया जाएगा। बैठक में जिलाधिकारी ने जिला योजना के सभी कार्यों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूर्ण करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में जवाबदेही और नियमित मॉनिटरिंग पर जोर दिया। उन्होंने कोषागार स्तर पर किसी भी बीजक का भुगतान लंबित न रखने के निर्देश देते हुए मुख्य कोषाधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी व संबंधित अधिकारियों को निरंतर फॉलोअप करने को कहा तथा वित्तीय व भौतिक प्रगति में संतुलन बनाए रखने के निर्देश दिए। जल निगम को चालू वित्तीय वर्ष में जिला योजना से संचालित निर्माण कार्यों की अद्यतन फोटोग्राफ व मापन पंजिका (एम.बी.) 15 फरवरी तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। मुख्य पशुचिकित्साधिकारी को इसी माह सभी पात्र आवेदकों को शत-प्रतिशत लाभ देने तथा दवाओं की आपूर्ति एवं वितरण प्रक्रिया इसी माह पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *