Thu. Jul 9th, 2026

नीति आयोग की टीम ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से नीति आयोग के सदस्य प्रोफेसर डॉक्टर एम. श्रीनिवास के नेतृत्व में आयोग की टीम ने भेंट की। मुख्यमंत्री ने टीम से उत्तराखंड के समग्र और सतत विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने इस दौरान राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों, जनसांख्यिकीय चुनौतियों व विकास की संभावनाओं के अनुरूप प्रभावी एवं दूरदर्शी नीति निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय, तीर्थाटन, पर्यटन प्रधान राज्य के लिए नीति निर्माण में अस्थायी आबादी को भी विशेष महत्व देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की स्थायी आबादी की तुलना में प्रतिवर्ष सात से आठ गुना अधिक लोग उत्तराखंड आते हैं। जिससे स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, परिवहन व अन्य बुनियादी सेवाओं पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इसलिए योजनाओं के निर्माण व संसाधनों के आवंटन में इस तथ्य का समुचित समावेश जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के विकास में नीति आयोग का सदैव सकारात्मक सहयोग मिला है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी राज्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नीति आयोग का मार्गदर्शन व सहयोग मिलता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *