Tue. Feb 3rd, 2026

समान नागरिक संहिता से महिलाओं को कानूनी सुरक्षा एवं सामाजिक समानता के अधिकार मिलेंगे

गोपेश्वर। प्रथम देवभूमि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) दिवस  पर  पीजी कॉलेज गोपेश्वर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार सभी को समान नागरिक संहिता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बहुत ही गर्व की बात है कि उत्तराखंड राज्य देश का पहला ऐसा राज्य है जहां समान नागरिक संहिता कानून लागू है। उन्होंने कहा समान नागरिक संहिता से महिलाओं को कानूनी सुरक्षा एवं सामाजिक समानता के अधिकार मिलेंगे। साथ ही धर्म या परंपराओं के नाम पर होने वाले भेदभाव को कम करने में यह कानून सहायक होगा। उन्होंने कहा विवाह एवं पारिवारिक मामलों में एकरूपता आने से विवादों में भी कमी आएगी। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि यूसीसी से सकारात्मक सामाजिक व्यवस्था सुदृढ़ होगी। वंही सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पुनीत कुमार ने कहा कि यूसीसी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों एवं चर्चाओं का आयोजन करते रहना चाहिए। जिससे अधिक से अधिक लोगों को समान नागरिक संहिता के विषय में सकारात्मक जानकारी मिले। कार्यक्रम में यूसीसी के नोडल अधिकारी एडीएम विवेक प्रकाश ने बताया कि जनपद चमोली में विगत एक वर्ष में 45,947 विवाह पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके सापेक्ष अब तक 24,257 विवाह पंजीकरण किए जा चुके हैं। इस प्रकार जनपद में 53 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया गया है। उन्होंने बताया कि जनपद के 60 ग्राम पंचायतों एवं नगर निकायों के 3 वार्डों( गोपेश्वर का वार्ड-3 कुंड कॉलोनी, ज्योर्तिमठ का वार्ड-3 लोअर बाजार एवं गैरसैण का वार्ड -2 गैर )में यूसीसी पंजीकरण शत-प्रतिशत पूर्ण किया जा चुका है। जिला शासकीय अधिवक्ता मनोज भट्ट द्वारा समान नागरिक संहिता के प्रावधानों की जानकारी दी गई।कार्यक्रम के अंत में यूसीसी के प्रचार-प्रसार एवं पंजीकरण में सहयोग करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, स्कूली बच्चों तथा नुक्कड़ नाटक करने वाली सांस्कृतिक टीम के सदस्यों को सम्मानित किया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *