कांग्रेसियों का प्रदर्शन महज़ नौटंकी: सरिता आर्य
Oplus_131072
देहरादून। नैनीताल भाजपा विधायक सरिता आर्य ने वर्तमान में कांग्रेस पार्टी के नेताओं द्वारा दिए जा रहे धरना-प्रदर्शनों पर तीखा हमला बोलते हुए इसे महज़ एक “नौटंकी” करार दिया है। सरिता आर्य ने जारी बयान में कहा कि जिस दिन कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हल्द्वानी पहुंचे थे और उनकी जनसभा में जनता का समर्थन न मिलने के कारण भीड़ नहीं जुट पाई, उस बौखलाहट में उन्होंने हल्द्वानी में एसएसपी कार्यालय में जिस प्रकार की अमर्यादित और गुंडागर्दी की भाषा का प्रयोग किया, वह किसी भी सभ्य समाज की भाषा नहीं हो सकती। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी देश भर में जिस तरह झूठ के आधार पर अनर्गल राजनीति और बयानबाज़ी कर रहे हैं, उसकी असलियत को अब जनता अच्छी तरह समझ चुकी है। इस पूरे घटनाक्रम में स्वयं अनुसूचित जाति वर्ग के व्यक्तियों ने उनकी धमकियों से प्रताड़ित होकर उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसके बावजूद, कांग्रेस के नेता अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से अभी भी धमकी की भाषा का इस्तेमाल करने से बाज नहीं आ रहे हैं। सरिता आर्य ने स्पष्ट शब्दों में कहा, उत्तराखंड की स्वाभिमानी जनता, चाहे वह किसी भी वर्ग से आती हो, किसी की धमकी से डरकर काम नहीं करती। यहाँ की देवतुल्य जनता समाज में वैमनस्यता और अराजकता फैलाने वालों को करारा जवाब देना अच्छी तरह जानती है। आज उत्तराखंड में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी की अभूतपूर्व लोकप्रियता से कांग्रेस पूरी तरह घबरा चुकी है। इसी बौखलाहट का नतीजा है कि कांग्रेस के लोग इस प्रकार की निम्नस्तरीय हरकतें कर रहे हैं और राज्य में कायम भाईचारे व सौहार्दपूर्ण माहौल को बेवजह बिगाड़ने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं। लेकिन राज्य की जागरूक जनता उनके इस फैलाए भ्रम में आने वाली नहीं है।
