बूथ सशक्तिकरण के साथ घर- घर रिपोर्ट कार्ड पहुंचाएगी भाजपा : परिहार
देहरादून। भाजपा, बूथ विजय अभियान के आधार पर 27 के चुनावों में हैट्रिक की ईमारत खड़ी करने जा रही है। दिसम्बर माह में एक पखवाड़े तक चलने वाले इस अभियान के आगाज में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का मार्गदर्शन प्राप्त हो सकता है। पार्टी इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में शक्ति सम्मेलन एवं विभिन्न कार्यक्रमों से घर घर, सरकार का रिपोर्ट कार्ड एवं उपलब्धियां को पहुंचाएंगे। पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि चुनावी जीत की हैट्रिक लगाने की रणनीति के क्रम में पार्टी बूथ विजय अभियान चलाने जा रही है। 10 दिसंबर से 25 दिसंबर तक चलने वाला यह विशेष अभियान बूथ सशक्तिकरण की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण होने वाला है। जिसकी शुरुआत 10 दिसंबर को अल्मोड़ा से होगी, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन के शामिल होने का प्रस्तावित कार्यक्रम निर्धारित है। जिसमें श्री नबीन 9 दिसंबर और 10 दिसंबर का दो दिवसीय देवभूमि प्रवास प्रस्तावित है। इस प्रवास के क्रम में अल्मोड़ा संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत सांगठनिक कार्यक्रमों में उनका रहना होगा। जिसमें 9 दिसम्बर को सायंकाल प्रदेश की कोर कमेटी बैठक होगी एवं 10 दिसंबर को ‘बूथ विजय अभियान’ प्रारंभ करने के अवसर पर उनका मार्गदर्शन प्राप्त होगा। उन्होंने चुनाव रणनीति की दृष्टि से अतिमहत्वपूर्ण बूथ विजय अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत वहां बूथ अध्यक्ष के घर पर उसके नाम की पट्टी का एवं पार्टी का झंडा लगाया जाएगा। तदुपरांत राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नबीन अल्मोड़ा लोकसभा के एक बूथ की बैठक लेते हुए बूथ विजय अभियान का आगाज करेंगे। उसी लोकसभा के अंतर्गत एक ‘शक्ति केंद्र सम्मेलन’ वृहद स्तर पर आयोजित किया जाएगा। उस कार्यक्रम में भी राष्ट्रीय अध्यक्ष का पाथेय सभी कार्यकर्ताओं को प्राप्त होगा। इसके अतिरिक्त इस अभियान के अंतर्गत कार्यकर्ताओं द्वारा लाभार्थियों से संपर्क किया जाएगा और पार्टी का संदेश उन तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही बूथ में निवासरत की वोटरों से भी मुलाकात कर पार्टी के पक्ष में जुड़ने का आग्रह किया जायेगा। पार्टी इसमें उन सभी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से भी मुलाकात करेगी जो किन्हीं कारणों या व्यस्तता के कारण सांगठनिक कार्यों में शामिल नहीं हो पा रहे हैं। इस अभियान में पार्टी कार्यकर्ता सरकार का रिपोर्ट कार्ड एवं उपलब्धियां को घर घर पहुंचाएंगे और जनता के साथ संवाद करेंगे।
