Fri. Apr 10th, 2026

छात्रों ने लिया सड़क सुरक्षा का संकल्प

बागेश्वर। सुरक्षित यातायात के प्रति जनमानस को जागरूक करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत शुक्रवार को गरुड़ में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। 18 जनवरी से 14 फरवरी तक चलने वाले इस अभियान में स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने जागरूकता संदेशों से युक्त तख्तियां लेकर नगर भ्रमण किया और आमजन को यातायात नियमों के पालन हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी अमित कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग दंड के भय से नहीं, बल्कि जीवन रक्षा के लिए किया जाना चाहिए। समाज में सकारात्मक परिवर्तन तभी संभव है जब प्रत्येक व्यक्ति स्वयं जागरूक बने और दूसरों के लिए उदाहरण प्रस्तुत करे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने हेतु निबंध, ड्राइंग एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं के साथ-साथ वॉलीबॉल व बास्केटबॉल जैसे खेल आयोजनों का भी आयोजन किया गया।निबंध प्रतियोगिता में निकिता बिष्ट ने प्रथम, प्रिया भाकुनी ने द्वितीय तथा स्नेहा आर्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ड्राइंग प्रतियोगिता में खुशबू डसीला प्रथम, भूमिका पांडे द्वितीय और वर्तिका आर्य तृतीय स्थान पर रहीं।स्लोगन प्रतियोगिता में सौरव ने प्रथम, संध्या गोस्वामी ने द्वितीय तथा वंदना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयों के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *