Mon. Nov 23rd, 2026

हरिद्वार से संगठन की हुंकार, कार्यकर्ताओं के समर्पण को सलाम

logo

देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट ने हरिद्वार में आयोजित दो दिवसीय विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को सफल, सुव्यवस्थित और सार्थक बनाने में योगदान देने वाले पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के हरि के द्वार हरिद्वार में प्रदेश कार्यसमिति का आयोजन अपने आप में विशेष महत्व रखता है। यह वही पावन धरा है, जो आध्यात्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा के प्रवेश द्वार के रूप में देश-दुनिया के श्रद्धालुओं का स्वागत करती है। ऐसे पवित्र स्थल पर प्रदेशभर के संगठनात्मक प्रतिनिधियों का एकत्रित होना और भविष्य की कार्ययोजना पर व्यापक मंथन करना संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर रहा। हरिद्वार की इस आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान के बीच आयोजित बैठक ने संगठनात्मक एकजुटता, अनुशासन और सामूहिक संकल्प का भी परिचय दिया। प्रदेश कार्यसमिति संपन्न होने पश्चात भाजपा मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि दो दिनों तक चले इस व्यापक आयोजन की सफलता संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता के समर्पण, अनुशासन, आपसी समन्वय और अथक परिश्रम का परिणाम है। प्रदेश के कोने-कोने से आए लगभग 890 प्रतिनिधियों की सहभागिता, बैठक की व्यवस्थाओं से लेकर विभिन्न सत्रों के सफल संचालन तक कार्यकर्ताओं ने जिस जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ अपनी भूमिका निभाई, वह भाजपा की सशक्त संगठनात्मक कार्यसंस्कृति को प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की वास्तविक ताकत उसका कार्यकर्ता है, जो संगठन द्वारा सौंपी गई प्रत्येक जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाता है। हरिद्वार में इस आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय कार्यकर्ताओं, जिला संगठन, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों तथा प्रदेशभर से जुटे पदाधिकारियों का योगदान विशेष रूप से सराहनीय रहा। इस तरह के बड़े आयोजन की सफलता केवल व्यवस्थाओं तक सीमित नहीं होती, बल्कि इसके पीछे कार्यकर्ताओं की सामूहिक भावना और संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता भी महत्वपूर्ण होती है।प्रदेश महामंत्री परिहार ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीय संबोधन सभी के लिए महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने उत्तराखंड में भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनाने को लेकर विश्वास व्यक्त करते हुए कार्यकर्ताओं से पहले से बड़े जनादेश के लिए जुटने का आह्वान किया। परिहार ने कहा कि वरिष्ठ नेतृत्व का यह विश्वास कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को और महत्वपूर्ण बनाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भी आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय तथा मुख्यमंत्री की सक्रिय सहभागिता ने बैठक के विमर्श को महत्वपूर्ण आधार प्रदान किया। साथ ही प्रदेश प्रभारी श्री राम माधव, सह प्रभारी श्री अरविंद मेनन एवं श्रीमती बांसुरी स्वराज सहित केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का मार्गदर्शन भी बैठक के लिए महत्वपूर्ण रहा। कुंदन परिहार ने कहा कि इस दो दिवसीय कार्यसमिति में संगठन की अब तक की गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों, संगठनात्मक विस्तार, जनसंपर्क और विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। विभिन्न सत्रों में संगठन की उपलब्धियों, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने, बूथ स्तर पर संगठन को और सक्रिय बनाने तथा कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। राजनीतिक एवं आर्थिक प्रस्तावों के माध्यम से प्रदेश के विकास, सरकार के कार्यों और संगठन की आगामी जिम्मेदारियों पर भी व्यापक विमर्श किया गया। बैठक में प्राप्त मार्गदर्शन और तय की गई कार्ययोजनाएं आने वाले समय में संगठन की गतिविधियों को दिशा प्रदान करेंगी। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव की दृष्टि से संगठन की जिम्मेदारी और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। ऐसे में कार्यसमिति का उद्देश्य केवल अब तक के कार्यों की समीक्षा करना नहीं, बल्कि आने वाले समय की चुनौतियों और जिम्मेदारियों के अनुरूप संगठन को तैयार करना भी है। प्रदेश के प्रत्येक जिले, विधानसभा और बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने तथा सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं की भूमिका निर्णायक रहेगी। उन्होंने कहा कि हरिद्वार की इस बैठक ने एक बार फिर संगठन की सामूहिक शक्ति, कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता और नेतृत्व के प्रति विश्वास को रेखांकित किया है। संगठन की उपलब्धियों के पीछे उन हजारों कार्यकर्ताओं का परिश्रम है, जो बिना किसी अपेक्षा के पूरी निष्ठा से पार्टी की विचारधारा और जनसेवा के कार्यों में जुटे रहते हैं। प्रदेश के प्रत्येक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और आयोजन से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हरिद्वार की सफल प्रदेश कार्यसमिति का श्रेय पूरे संगठन की सामूहिक मेहनत और समर्पण को जाता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *