Sun. Nov 22nd, 2026

भाजपा सरकार से सवाल से पहले कांग्रेस काल के भ्रष्टाचार का हिसाब दे शैलजा: सुबोध उनियाल

logo

देहरादून। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को भाजपा सरकार पर सवाल उठाने से पहले अपने शासनकाल का इतिहास याद कर लेना चाहिए। उत्तराखंड में कांग्रेस के शासनकाल के दौरान भ्रष्टाचार अपने चरम पर था। प्रदेश के संसाधनों को लूटने के आरोप लगते रहे, सरकारी व्यवस्थाओं में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती रहीं, लेकिन तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने इन सवालों पर आंखें बंद रखीं। उस समय प्रदेश के हितों की रक्षा करने के बजाय भ्रष्टाचार पर चुप्पी साधे रखी गई। आज वही कांग्रेस नेता भाजपा सरकार के सुशासन और पारदर्शिता पर सवाल उठा रहे हैं। उनियाल ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार केवल सरकारी व्यवस्थाओं तक सीमित नहीं था, बल्कि इसका सबसे बुरा असर प्रदेश के युवाओं पर पड़ा। सरकारी नौकरियों में योग्यता और मेहनत के बजाय पैसे के प्रभाव को लेकर गंभीर आरोप सामने आते रहे। उस दौर में युवाओं के बीच यह धारणा बनी कि नौकरी पाने के लिए प्रतिभा नहीं, बल्कि पैसे की पोटली की जरूरत है। मेहनत करने वाले युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ हुआ और भर्ती प्रक्रियाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हुए। कांग्रेस नेताओं को बताना चाहिए कि उस समय युवाओं के भविष्य की चिंता उन्हें क्यों नहीं हुई? उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार और नकल माफिया के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। प्रदेश में देश का सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया। भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई और योग्य युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। भाजपा सरकार में नौकरी का आधार किसी की सिफारिश या पैसे की पोटली नहीं, बल्कि योग्यता और मेहनत है। प्रदेश में 35 हजार से अधिक सरकारी नियुक्तियां इस दिशा में सरकार के प्रयासों को दर्शाती हैं। उनियाल ने कुमारी शैलजा से सवाल किया कि कांग्रेस प्रदेश को यह बताए कि उसके शासनकाल में भ्रष्टाचार के आरोपों पर क्या कार्रवाई की गई? जब प्रदेश के संसाधनों की लूट और सरकारी व्यवस्थाओं में अनियमितताओं के आरोप लग रहे थे, तब कांग्रेस नेतृत्व कहां था? जब युवाओं के भविष्य पर सवाल खड़े हो रहे थे, तब कांग्रेस ने कौन सी जवाबदेही तय की थी? उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भाजपा सरकार से सवाल पूछने से पहले अपने शासनकाल के भ्रष्टाचार का हिसाब देना चाहिए। उत्तराखंड की जनता कांग्रेस के उस दौर को भूली नहीं है, जब भ्रष्टाचार के आरोपों पर सरकार की चुप्पी और व्यवस्था की अनियमितताएं लगातार चर्चा में रहती थीं। आज प्रदेश में जवाबदेही, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई की बात हो रही है, तो कांग्रेस को इससे परेशानी क्यों हो रही है? उनियाल ने कहा कि कांग्रेस को दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय पहले अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए। उत्तराखंड की जनता को भाषण नहीं, बल्कि जवाब चाहिए कि कांग्रेस के शासनकाल में प्रदेश के हितों और युवाओं के भविष्य के साथ हुए अन्याय की जिम्मेदारी कौन लेगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *