Sat. Sep 21st, 2024

भारत को सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र बनाने में तकनीकी ज्ञान का अहम योगदान होगा : राज्यपाल

समाचार इंडिया।श्रीनगर। श्रीनगर गढ़वाल स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के चतुर्थ दीक्षांत समारोह में आज 1 सौ 14 छात्र- छात्राओं को उपाधियां प्रदान की गई। दीक्षांत समारोह में छात्रों को संबोधित करते हुए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने कहा कि ये उपाधिधारक अमृतकाल में देश की मुख्य धारा में शामिल हो रहे हैं। इनसे देश को बड़ी अपेक्षाएं हैं और देश के लिए इनका योगदान महत्वपूर्ण होने वाला है। उन्होंने कहा कि देश को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र बनाने में तकनीकी ज्ञान का अहम योगदान होगा और ये युवा उसमें भागीदार होंगे। राज्यपाल ने कहा कि इक्कीसवीं सदी के जो हमारे संकल्प हैं और विकल्प हैं उनकी पूर्ति के लिए ये नौजवान एक हुनरमंद फौज है। ये ऐसे कर्मयोद्धा तैयार हुए हैं जो देश के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। दीक्षांत समारोह में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान उत्तराखंड के निदेशक प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने कहा कि चतुर्थ दीक्षांत समारोह में एक डायरेक्टर्स गोल्ड, बीटेक में पांच, एमटेक में चार छात्रों को गोल्ड मेडल दिए गये। इसके साथ ही 90 बीटेक, 14 एमटेक और 10 पीएचडी के छात्र- छात्राओं को उपाधियां प्रदान की गई है। बीटेक मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र रोहित सिंह नेगी को सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने पर डायरेक्टर्स स्वर्ण पदक किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *