पुष्पा मुन्जियाल ने राहुल गांधी के नाम की सारी जायदाद
देहरादून।
देहरादून की एक महिला ने देश के लिए गांधी परिवार के किये गए योगदान को देखते हुए अपनी सारी जायदाद राहुल गांधी के नाम कर दी है। इस बाबत देहरादून निवासी पुष्पा मुन्जियाल (Pushpa Munjiyal) पुत्री मेघराज निवासी प्रेम धाम, 25 नेहरू रोड़, डालनवाला, देहरादून (Dehradun) ने लाखों की नगदी सही अपनी सारी सम्पत्ति का मालिकाना हक कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष, सांसद राहुल गांधी के नाम करते हुए देहरादून कोर्ट में वसीयतनामा पेश किया है। वसीयतनामे की प्रति महिला ने कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह को भी उपलब्ध कराई है। देहरादून के कांग्रेस (Congress) महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा ने बताया कि महिला ने राहुल गांधी के नाम अपनी सम्पत्ति का वसीयतनामा कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह को उनके यमुना काॅलोनी स्थित आवास पर सौंपा है। जिसमें महिला की पचास लाख की नगदी, दस तोले सोने के आभूषण व जमीन-जायदाद का पूरा विस्तृत ब्यौरा दर्ज है। राहुल गांधी को अपनी सारी जायदाद देने वाली पुष्पा मुन्जियाल ने कहा कि वह राहुल गांधी के विचारों से अत्यधिक प्रभावित हैं। उनके परिवार ने देश की आजादी से लेकर आज तक हमेशा आगे बढकर देश के लिए अपनी सर्वोच्च कुर्बानी दी है।इन्दिरा गांधी हो या राजीव गांधी हों, गांधी परिवार ने हमेशा ही इस देश की एकता और अखण्डता के लिए अपने प्राणों की कुर्बानी दी। इतनी कुर्बानियों के बाद भी सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी ने देश सेवा के लिए अपने को समर्पित किया है। पुष्पा मुन्जिवाल ने न्यायालय में अपनी सम्पत्ति का पूर्ण व्यौरा देते हुए राहुल गांधी के नाम वसीयतनामा प्रस्तुत कर न्यायालय से अनुरोध किया है कि उनके बाद उनकी पूरी सम्पत्ति का मालिकाना हक राहुल गांधी को सौंप दिया जाए। महिला द्वारा वसीयतनामा प्रीतम सिंह को सौंपे जाने के दौरान काँग्रेस पार्टी के महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा, सीमा जौहर, अमित कुमार, अजय नेगी, नवीन जोशी, सीताराम नौटियाल आदि भी मौजूद रहे।
