Tue. Sep 22nd, 2026

पीएम मोदी के सेवा के 25 वर्षों की कहानी, रंगमंच से उभारेगी भाजपा

logo

​देहरादून। भाजपा, सेवा संकल्प अभियान के तहत पीएम मोदी के जीवन के अनकहे पहलुओं को रंगमंच से उभारने जा रही है। जिसके क्रम में ‘नमो सेवा अनकही कहानियां कार्यकम के तहत सभी विधानसभाओं में स्कूल कालेजों, सामुदायिक भवन, पंचायत भवन एवं लगभग 300 सार्वजनिक स्थानों पर नाट्य प्रस्तुति आयोजित की जायेगी।भाजपा मुख्यालय में इस कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक एवं दायित्वधारी शोभाराम प्रजापति और सह संयोजक एवं युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री मुलायम सिंह रावत ने पत्रकार वार्ता कर जानकारी दी। इस मौके पर मुलायम सिंह रावत ने बताया कि पहले से जारी सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ही 21 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘नमो सेवा- अनकही कहानियाँ’ कार्यक्रम के तहत विशेष नाट्य मंचनों का आयोजन किया जा रहा है। जिसके क्रम में प्रत्येक विधानसभा में भी एक विशेष एवं भव्य नाट्य प्रस्तुति आयोजित की जाएगी। इस नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की 25 वर्षों की सार्वजनिक जीवन की यात्रा, राष्ट्र सेवा के प्रति उनका समर्पण, जनकल्याण के लिए किए गए प्रयासों तथा सुशासन के माध्यम से देश में आए व्यापक बदलावों को जीवंत और भावनात्मक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा तक की यात्रा को संवाद, अभिनय, संगीत और प्रभावशाली मंचन के माध्यम से दर्शकों के सामने रखा जाएगा। इसमें ‘नमो सेवा-अनकही कहानियाँ’ की प्रस्तुति को सरल, संवेदनशील और संगीतमय स्वरूप दिया गया है, ताकि प्रधानमंत्री की सेवा यात्रा और जनकल्याण के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक सहजता से पहुँचाया जा सके। नाट्य प्रस्तुति में कुशल कलाकार अपने जीवंत अभिनय और प्रभावशाली संवादों के माध्यम से उन प्रेरक प्रसंगों को मंच पर साकार करेंगे, ताकि मोदी जी की सेवा, समर्पण, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण की भावना का अहसास हो। उन्होंने जानकारी दी कि इस व्यापक अभियान के अंतर्गत राज्यभर में 250 से 300 तक नाट्य मंचनों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी इन प्रस्तुतियों के माध्यम से जनसंवाद स्थापित किया जाएगा। पार्टी का यह अभियान सेवा, सुशासन, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास है, जिसमें कला और नाट्य के माध्यम से प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी  की 25 वर्षों की सेवा यात्रा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। इस अवसर पर  शोभाराम प्रजापति और  मुलायम सिंह रावत के साथ प्रदेश सह मीडिया प्रभारी  राजेंद्र सिंह नेगी और प्रदेश प्रवक्ता  विश्वजीत नेगी भी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *