Fri. Sep 11th, 2026

सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाएं अधिकारी: जिलाधिकारी

चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने शुक्रवार को सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और शिकायतकर्ता को समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराया जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि लंबे समय से लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से आपदा के कारण क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों, सड़कों से संबंधित समस्याओं, पीएमजीएसवाई की सड़कों से जुड़े प्रकरणों तथा आपदा प्रभावितों के लंबित मुआवजा प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने मानव-वन्यजीव संघर्ष से संबंधित मामलों में भी नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए पात्र प्रभावितों को अनुमन्य सहायता एवं मुआवजा उपलब्ध कराने तथा ऐसे प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन शिकायतों पर विभागीय स्तर से कार्रवाई पूर्ण हो चुकी है, उनकी स्थिति सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर तत्काल अपडेट की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के संबंध में की गई कार्रवाई एवं प्रगति की जानकारी शिकायतकर्ता को भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि शिकायतकर्ता को अपनी शिकायत की वास्तविक स्थिति और उस पर हुई कार्रवाई की स्पष्ट जानकारी मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सप्ताह में कम से कम एक बार अपने विभाग से संबंधित सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा अवश्य करें। समीक्षा में यह देखा जाए कि कौन-कौन से प्रकरण लंबित हैं, किन मामलों में कार्रवाई हो चुकी है और किन मामलों में निस्तारण में कोई समस्या या बाधा आ रही है। जिन प्रकरणों में एक से अधिक विभागों की भूमिका है, उनमें संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव पाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *