मिड-डे मील की गुणवत्ता को लेकर चलाया अभियान
देहरादून। त्योहारी सीजन में आम जनता को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने देहरादून जनपद में जांच अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने देहरादून के नवादा, माजरी माफी, रिंग रोड और विकासनगर-हरबर्टपुर क्षेत्र में मिठाई की दुकानों एवं विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों को परोसे जाने वाले मिड-डे मील की गुणवत्ता जांचने के लिए भी विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 32 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषणशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।आयुक्त विनय शंकर पांडेय के निर्देशों के क्रम में मिठाई विक्रेताओं को खुले में बिक्री के लिए रखी गई मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण तिथि और अवसान तिथि स्पष्ट रूप से लिखने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र देहरादून रमेश सिंह ने सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना के नेतृत्व में नवादा, माजरी माफी और रिंग रोड क्षेत्र की विभिन्न स्वीट्स शॉप एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चाहत स्वीट्स शॉप में मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण तिथि और अवसान तिथि अंकित मिली। वहीं, आनंद स्वीट्स शॉप को मिठाइयों की ट्रे पर दोनों तिथियां स्पष्ट रूप से लिखने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों से संदेह के आधार पर चिप्स की दो किस्मों, घी, मसालों और सरसों के तेल सहित पांच खाद्य नमूने लिए गए।
