Wed. Oct 28th, 2026

युवा हितों को विकास की धुरी बना रही धामी सरकार

logo

देहरादून। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री विपुल मैंदोली ने गैरसैंण में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत अनुपूरक बजट का स्वागत करते हुए इसे प्रदेश के युवाओं के सपनों, प्रतिभाओं और भविष्य को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने युवाओं की शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, खेल प्रतिभाओं के विकास और छात्रवृत्ति जैसे विषयों पर विशेष ध्यान देकर स्पष्ट संदेश दिया है कि उत्तराखंड का युवा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। विपुल मैंदोली ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के अंतर्गत ₹5 करोड़ का प्रावधान युवाओं के लिए विशेष महत्व रखता है। इसके माध्यम से माध्यमिक शिक्षा में अध्ययनरत विद्यार्थियों को नीट, जेईई और क्लैट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग के लिए सहायता देने का प्रावधान किया गया है। यह पहल उन विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने की दिशा में सहायक होगी, जो बेहतर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर अपना भविष्य संवारना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए भी सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। आगामी राष्ट्रीय खेलों से पहले खिलाड़ियों के विशेष प्रशिक्षण शिविरों के लिए ₹8 करोड़, ओपन जिम की स्थापना के लिए ₹5 करोड़ और खिलाड़ियों की छात्रवृत्तियों के लिए लगभग ₹5.50 करोड़ का प्रावधान युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सराहनीय है। इसके अतिरिक्त, स्कूली शिक्षा में छात्रवृत्तियों के लिए लगभग ₹4 करोड़ तथा मुख्यमंत्री ग्रामीण खेलकूद एवं स्वास्थ्य संवर्धन योजना के लिए लगभग ₹1 करोड़ की व्यवस्था भी की गई है। मैंदोली ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार युवाओं को केवल सपने देखने के लिए प्रेरित नहीं कर रही, बल्कि उन सपनों को पूरा करने के लिए आवश्यक अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम कर रही है। शिक्षा से लेकर खेल के मैदान तक, सरकार की प्राथमिकता युवाओं की क्षमता को पहचानना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां युवाओं को अपनी प्रतिभा साबित करने, प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ने और प्रदेश का नाम रोशन करने के पर्याप्त अवसर मिलें। विपुल मैंदोली ने कहा कि युवा किसी भी राज्य की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। युवाओं को सही दिशा, बेहतर अवसर और प्रोत्साहन देकर ही विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार किया जा सकता है। धामी सरकार का अनुपूरक बजट इसी युवा-केंद्रित सोच को आगे बढ़ाने वाला कदम है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *