Sat. Aug 15th, 2026

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों को नमन किया

बागेश्वर। जनपद बागेश्वर में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने ध्वजारोहण कर जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के त्याग और बलिदान से प्राप्त आजादी की सार्थकता तभी है, जब हम अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन करें। देश एवं जनहित में प्रतिबद्धता से कार्य करना ही वीरों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
इसके पश्चात नुमाइशखेत मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में जिलाधिकारी ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्रता अनगिनत वीरों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता के मूल्यों को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन से राष्ट्र एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिजन भगवती देवी, लोकतंत्र सेनानी बसंत बल्लभ पांडे तथा उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों एवं समारोह में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। इससे पूर्व विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने नगर में प्रभात फेरी निकाली। देशभक्ति के नारों एवं गीतों से वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *