यात्रा के पहले दल ने चीन में प्रवेश किया
पिथौरागढ़। कैलाश मानसरोवर यात्रा के पहले दल ने आज पिथौरागढ़ जिले के लिपुलेख दर्रे के रास्ते चीन में प्रवेश किया। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के अधिकारियों ने सभी आवश्यक आव्रजन और सीमा संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दल को चीन की सीमा पर तैनात चीनी अधिकारियों को सौंपा। दल में 48 श्रद्धालुओं के साथ एक चिकित्साकर्मी और तीन किचन स्टाफ सहित 52 सदस्य शामिल हैं। चीन में प्रवेश के बाद यह दल निर्धारित पड़ावों पर रुकते हुए आगामी दिनों में पवित्र कैलाश पर्वत और मानसरोवर झील की यात्रा पूरी करेगा। लिपुलेख मार्ग से यात्रा के लिए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
