Mon. Jul 6th, 2026

जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाया

अल्मोड़ा। ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ की भावना के साथ जनपद में संचालित सेवा पखवाड़े के अंतर्गत  राजकीय पॉलिटेक्निक, ताकुला परिसर में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग करते हुए विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ प्राप्त किया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। विभिन्न विभागीय स्टालों से 445 व्यक्तियों ने योजनाओं की जानकारी प्राप्त की साथ ही कई योजनाओं के अंतर्गत पंजीकरण प्रक्रिया पूर्ण की। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने से उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है तथा स्वरोजगार, आजीविका एवं सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में उन्हें नई दिशा मिली है। लाभार्थियों ने सरकार द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं के प्रति आभार भी व्यक्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री श्रीमती गंगा बिष्ट ने की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सेवा, सुशासन एवं समर्पण की भावना के साथ कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने कहा कि ऐसे बहुउद्देशीय शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं, जहां एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं एवं योजनाओं की जानकारी उपलब्ध हो रही है।शिविर में उपस्थित लोगों की जनसमस्याओं को भी गंभीरता से सुना गया। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़े का उद्देश्य केवल योजनाओं का प्रचार-प्रसार ही नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान कर शासन-प्रशासन को जनता के और अधिक निकट लाना भी है।कार्यक्रम के दौरान सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रचार-प्रसार सामग्री का भी वितरण किया गया, जिससे लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त हो सके और अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति उनका लाभ उठा सकें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *