जनशिकायतों को गम्भीरता से ले अधिकारी
बागेश्वर। शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन तथा जलागम प्रबंधन मंत्री राम सिंह कैड़ा का गरुड़ विकासखंड के माथरों-पतली स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में ‘सेवा पखवाड़े’ के तहत आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में आगमन पर जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। ‘सेवा, सुशासन एवं विकास’ पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित इस बहुउद्देशीय शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा पेंशन पत्र, बाल विकास विभाग ने महालक्ष्मी किट वितरित की, जबकि उद्योग विभाग द्वारा मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना एवं एमएसएमई के तहत 95.22 लाख के ऋण स्वीकृत एवं वितरित किए गए। अन्य विभागों ने भी अपनी विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभ प्रदान किया। शिविर में स्वास्थ्य, राजस्व, समाज कल्याण, कृषि, दुग्ध विकास, स्वरोजगार सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। साथ ही दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं, किसान, युवा एवं जरूरतमंद परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य परीक्षण एवं जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से भी आमजन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की गई। इस अवसर पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त सभी जन शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा जब तक सभी शिकायतों का पंजीकरण एवं आवश्यक कार्रवाई पूर्ण न हो जाए, संबंधित अधिकारी शिविर स्थल पर उपस्थित रहें।
