Fri. Jun 19th, 2026

ग्रामीणों ने ली विकास योजनाओं की जानकारी

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकासखंड पौड़ी, कोट, खिर्सू, पाबौ एवं कल्जीखाल में जनकल्याणकारी शिविर एवं योजनाओं की प्रदर्शनी आयोजित की गई। शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की व अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन 19 एवं 20 जून को जनपद के अन्य विकासखंडों में भी किया जाएगा।
शिविरों में उद्यान, कृषि, स्वास्थ्य, पशुपालन, राजस्व, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, पंचायतीराज, ग्राम्य विकास, ग्रामोत्थान एवं एनआरएलएम सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की। ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, राजस्व, पेंशन, स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनमें अनेक का मौके पर ही समाधान किया गया।
विकासखंड पौड़ी, कोट, खिर्सू, पाबौ एवं कल्जीखाल में आयोजित शिविरों के दौरान कुल 98 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 86 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। साथ ही विभागों द्वारा तैयार लघु फिल्मों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर केवल औपचारिकता तक सीमित न रहें, बल्कि इनके माध्यम से आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *