Thu. Jun 18th, 2026

हिमाचल के चंबा में वाहन खाई में गिरा, सात की मौत

शिमला । हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में चुराह उपमंडल के पुखरी-मसरूंड मार्ग पर छतरूंड के पास कल देर रात एक बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में तीन सगे भाइयों समेत सात लोगों की मौत हो गई। वाहन में कुल सात लोग सवार थे।  सभी ग्राम महल पंचायत के सपरोठ गांव के रहने वाले थे और काकड़ोथा गांव में आयोजित मुंडन संस्कार कार्यक्रम में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार सभी लोगों की  मौके पर ही मौत हो गई।  हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद शवों को खाई से बाहर निकाला गया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज, चंबा भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *