Thu. Jun 18th, 2026

डीएम ने किया पम्पिंग और सिंचाई योजनाओं का निरीक्षण

बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने गुरुवार को कौसानी ग्राम समूह (पंपिंग) पेयजल योजना एवं बिजोरीझाल लिफ्ट सिंचाई योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को ऊर्जा दक्षता (एनर्जी एफिशिएंसी) को ध्यान में रखकर पंपिंग स्टेशन विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के संचालन एवं रखरखाव में आधुनिक और ऊर्जा बचाने वाली तकनीकों का उपयोग सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत लगभग ₹2318.35 लाख की लागत से कौसानी ग्राम समूह (पंपिंग) पेयजल योजना का निर्माण किया जा रहा है। योजना के माध्यम से कौसानी, नौघर स्टेट, डोबा मल्ला एवं डोबा तल्ला सहित 46 बस्तियों के 767 परिवारों, होटलों तथा शैक्षणिक संस्थानों को पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। परियोजना के तहत गोमती नदी के किनारे इन्फिल्ट्रेशन वेल का निर्माण किया गया है। साथ ही अतिरिक्त आरसीसी जलाशयों, ग्रेविटी मेन एवं वितरण प्रणाली को सुदृढ़ किया जा रहा है। वर्तमान में उपलब्ध लगभग 0.30 एमएलडी पेयजल के अतिरिक्त इन्फिल्ट्रेशन वेल से 1.18 एमएलडी अतिरिक्त जल उपलब्ध होगा, जिससे कौसानी क्षेत्र की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित होगा।इसके उपरांत जिलाधिकारी ने बिजोरीझाल लिफ्ट सिंचाई योजना का निरीक्षण किया। जिला योजना के अंतर्गत ₹145.24 लाख की लागत से निर्मित इस योजना के माध्यम से बिजोरीझाल ग्राम की 40 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होगी तथा 451 ग्रामीण लाभान्वित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *