Thu. Jun 18th, 2026

प्रशासन ने अतिक्रमण हटाया

logo

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अतिक्रमण हटाने संबंधी निर्देशों के क्रम में जनपद पौड़ी गढ़वाल में प्रशासन का  अवैध कब्जों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जनपद मुख्यालय में नगर पालिका परिषद पौड़ी एवं लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग खंड) की संयुक्त टीम ने पौड़ी-कोटद्वार मोटरमार्ग पर छतरीधार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात ने बताया कि छतरीधार के आसपास राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि पर किए गए अतिक्रमण पूर्व में चिन्हित किए गए थे। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग खंड श्रीनगर द्वारा संबंधित अतिक्रमणकारियों को एक सप्ताह के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया था। निर्धारित अवधि समाप्त होने के उपरांत प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की। अभियान के दौरान सड़क एवं राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि पर किए गए विभिन्न प्रकार के अवैध अतिक्रमणों एवं निर्माणों को हटाया गया। इस दौरान अस्थायी टीन शेड सहित अन्य अवैध संरचनाओं को ध्वस्त कर राजमार्ग की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। कार्रवाई के परिणामस्वरूप मार्ग को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक भूमि एवं सड़क मार्गों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। जनहित, यातायात सुरक्षा एवं सड़क चौड़ीकरण कार्यों को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। अधिकारियों ने लोगों से सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण न करने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *