लापता ट्रैकर की तलाश जारी
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के दयारा बुग्याल ट्रैक से लापता युवती ट्रैकर की तलाश लगातार जारी है। गौरतलब है कि रामनगर निवासी युवती अपने दो साथियों के साथ दयारा बुग्याल ट्रैक घूमने गई थीं। इसी दौरान वह गोई क्षेत्र से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गईं थी। उसके बाद से ही प्रशासन और विभिन्न एजेंसियां लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई है। अब खोज अभियान को दयारा बुग्याल क्षेत्र से बढ़ाकर डोडीताल ट्रैक तक बढ़ा दिया गया है। वहीं पुलिस ने मामले की जांच के लिए दो अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने बताया कि युवती की तलाश में टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। इसके अलावा स्थानीय भेड़ पालक एवं ग्रामीण भी अभियान में सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि युवती के साथ ट्रैक पर गए दोनों युवकों से लगातार पूछताछ की जा रही है।
