Wed. May 13th, 2026

आगामी कुंभ को लेकर तैयारियों में जुटी रेलवे

हरिद्वार। हरिद्वार में अगले वर्ष आयोजित होने वाले कुंभ मेले में रेल मार्ग से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावनाओं को देखते हुए मेला प्रशासन एवं रेलवे ने अपनी तैयारियों को तेज करने के साथ ही भीड़ प्रबंधन को लेकर समन्वित कार्ययोजना एवं सटीक रणनीति को अंतिम रूप देने की कवायद शुरू कर दी है। इसी क्रम में मेला प्रशासन एवं रेलवे के अधिकारियों की सोमवार को मेला नियंत्रण भवन में एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में हरिद्वार एवं नजदीकी रेलवे स्टेशनों पर सुविधाओं के सुधार एवं विस्तार के साथ ही आधुनिक तकनीकों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित व्यवस्थाओं को लागू करने का निर्णय लिया गया। बैठक में यह भी तय किया गया कि रेलवे एवं मेला प्रशासन की संयुक्त टीमों द्वारा हरिद्वार सहित आसपास के स्टेशनों का संयुक्त निरीक्षण कर कुंभ मेले में रेल यातायात तथा रेलवे स्टेशनों से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इस रिपोर्ट तथा पिछले अनुभवों और आंकड़ों का विश्लेषण कर मेला प्रशासन एवं रेलवे द्वारा कुंभ मेले के सुव्यवस्थित आयोजन की संयुक्त कार्ययोजना जारी की जाएगी।
यह भी तय किया गया कि मेला के केंद्रीयकृत नियंत्रण कक्ष में रेलवे की अलग से समन्वय डेस्क स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही रेलवे के नियंत्रण कक्ष में भी मेला प्रशासन के स्तर से समन्वय की व्यवस्था की जाएगी।बैठक की अध्यक्षता करते हुए मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने कहा कि आगामी कुंभ मेले में बड़ी संख्या में सड़क एवं रेल मार्ग से श्रद्धालुजन हरिद्वार आएंगे। उन्होंने कहा कि हरिद्वार कुंभ का आयोजन शहर के केंद्र में होता है, इसलिए यहां भीड़ प्रबंधन और ट्रैफिक नियंत्रण की चुनौतियां इसे अन्य स्थानों से अलग एवं विशेष बनाती हैं। इसे देखते हुए सभी संबंधित विभागों एवं संगठनों को अभी से पूरी तैयारी के साथ एक समन्वित, सुनियोजित एवं सुव्यवस्थित रणनीति तय करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ नई तकनीकों का बेहतर समावेश कर भीड़ प्रबंधन की चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकता है। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से हरिद्वार सहित आसपास के सभी रेलवे स्टेशनों पर सुविधाओं के विकास एवं विस्तार के साथ-साथ स्टेशन के सौंदर्यीकरण का भी आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *