ग्रामीणों ने अधिकारियों को गिनाईं अपनी समस्याएं
पौड़ी। “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत विकासखंड एकेश्वर की न्याय पंचायत बमोली अंतर्गत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिमारखाल में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया। शिविर में कुल 21 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही 130 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर में राजस्व, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, पंचायतीराज, पेयजल, विद्युत, बाल विकास, शिक्षा सहित अन्य विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी तथा कई लोगों के आवेदन मौके पर ही प्राप्त कर उनका परीक्षण किया गया। शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए तथा विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के माध्यम से प्रशासन गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है, ताकि उन्हें जिला या तहसील मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
