पत्नी, बेटे पर प्राणघातक हमला करने के बाद आत्महत्या की
चमोली। जनपद के देवाल क्षेत्र में एक व्यक्ति ने पत्नी और बेटे पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, आज सुबह ओडर गांव निवासी गजेंद्र सिंह ने अचानक पत्नी लक्ष्मी देवी और बेटे मयंक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर मचने के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर कर दिया। जहां दोनों का उपचार किया जा रहा है। आरोपित के फरार होने के कुछ समय बाद ग्रामीणों को उसका शव गांव से करीब 500 मीटर दूर रस्सी के सहारे पेड़ पर लटका मिला। उसके बाद इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
