Mon. Feb 2nd, 2026

उत्तराखंड की बोर्ड परीक्षाएं 21फरवरी से

logo

रामनगर। उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर द्वारा वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं आगामी 21 फरवरी से 20 मार्च तक एकल पाली में आयोजित की जाएंगी। परीक्षाओं के शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन संचालन को लेकर शनिवार को परिषद सभागार में निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती की अध्यक्षता में एक तैयारी बैठक आयोजित हुई।
बैठक में दोनों ही मंडलों के अपर निदेशक (माध्यमिक शिक्षा) सहित जिलों के मुख्य शिक्षा अधिकारी तथा संकलन केन्द्रों के उप नियंत्रक उपस्थित रहे। इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में कुल 2 लाख 16 हजार 109 परीक्षार्थी शामिल होंगे।जिनमें से हाईस्कूल में कुल 1 लाख 12 हजार 660 और इंटरमीडिएट में 1 लाख तीन हजार 449 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
राज्य में कुल 1261 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें 156 संवेदनशील तथा 6 अति संवेदनशील केन्द्र चिन्हित किए गए हैं। परीक्षा सामग्री के प्रबंधन हेतु 13 मुख्य संकलन केन्द्र और 26 उप संकलन केन्द्र स्थापित किए गए हैं।
परिषद के सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक जिले में परीक्षाएं पूरी सतर्कता, गोपनीयता और नक़ल विहीन वातावरण में सम्पन्न कराई जाएं। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों पर प्रश्नपत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *