श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय का परिसर बना राजकीय महाविद्यालय चंद्रबदनी
देहरादून। देवप्रयाग विधानसभा के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय चंद्रबदनी (नैखरी) श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के परिसर के रूप में आगामी 1 जुलाई से अस्तित्व में आएगा। महाविद्यालय के परिसर में विलय होने से छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा। श्रीदेव सुमन विवि के कुलपति प्रोफेसर एनके जोशी ने बताया कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में विवि ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से राजकीय महाविद्यालय चंद्रबदनी को विवि परिसर में बदलने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि बीती 17 जून को हुई उच्चस्तरीय बैठक में यह फैसला लिया गया। चंद्रबदनी (नैखरी) का विश्वविद्यालय परिसर में विलय करने के लिए देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उच्च शिक्षा मंत्री डा धन सिंह रावत का आभार जताया है।
