कृत्रिम झील बनकर तैयार
देहरादून। रुद्रप्रयाग जिले की पहली कृत्रिम झील खांकरा में चित्रमति नदी पर बनकर तैयार हो गई है। 100 मीटर लंबी और 22 मीटर चैड़ी इस झील के निर्माण में 1.66 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। झील किनारे इको पार्क और फुटपाथ गार्डन भी तैयार किया जा रहा है। जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर खांकरा में चित्रमति नदी में पहली कृत्रिम झील बनाई गई है। झील की दूसरी तरफ पहाड़ी पर धार्मिक, पर्यटन और अन्य प्राचीन स्थलों की थ्रीडी पेटिंग बनाई जानी है। झील को रोजगार से जोड़ने के लिए यहां चार दुकानों का निर्माण किया जाना है। साथ ही बोटिंग एरिया भी विकसित किया जाएगा, जिससे आगामी यात्राकाल से यहां देश-विदेश से आने वाले यात्री और पर्यटक इसका आनंद ले सकते हैं। पूर्व ग्राम प्रधान नरेंद्र ममगाईं, बुद्धिबल्लभ ममगाईं, प्रकाश चंद्र आदि का कहना है कि झील के बनने से स्थानीय स्तर पर पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
