Sun. May 3rd, 2026

फरार महिला डकैत चढ़ी पुलिस के हत्थे

logo

हल्द्वानी। लालकुआं के कारोबारी से 70 लाख की डकैती मामले में फरार चल रही महिला डकैत सुखविंदर कौर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से चार लाख रुपये की नकदी भी बरामद हुई है। फिलहाल महिला को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, पुलिस डकैती में शामिल अन्य पांच आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि लालकुआं निवासी शराब कारोबारी मोहित चौबे से किरन कौर उर्फ बबली ने सोने के सिक्के बेचने के नाम पर संपर्क किया था। 27 मार्च को मोहित अपने साथी संदीप शर्मा के साथ सौदे के लिए बबली के बताए पते पर पहुंचा, जहां पहले से मौजूद गिरोह के सदस्यों ने उन पर हमला कर 70 लाख रुपये लूट लिए थे। गुरुवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि फरार महिला आरोपी सुखविंदर कौर नानकमत्ता क्षेत्र में मौजूद है। इस पर थाना सितारगंज प्रभारी नरेश चौहान और टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे नानकमत्ता तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इस मामले में पुलिस ने अब तक लखविंदर उर्फ लक्खा और बलवीर सिंह उर्फ वीरू को गिरफ्तार कर 26 लाख रुपये बरामद किए थे। अब सुखविंदर कौर की गिरफ्तारी के साथ कुल तीन आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं और 30 लाख रुपये बरामद कर चुकी है। एसएसपी मिश्रा ने बताया कि मामले में फरार किरन कौर उर्फ बबली, सतनाम उर्फ पप्पू, महेंद्र उर्फ धर्मेंद्र, गुरमेल सिंह और राजू रस्तोगी उर्फ कृष्णा सुनार की तलाश की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *