Tue. Sep 24th, 2024

गणेश गोदियाल बने राजस्थान स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य

समाचार इंडिया/देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को राजस्थान स्क्रीनिंग कमेटी का सदस्य बनाया गया है। कांग्रेस नेताओं ने गोदियाल को यह जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते खुशी जाहिर की है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से राजस्थान स्क्रीनिंग कमेटी की गठित तीन सदस्यीय कमेटी में गौरव गोगोई अध्यक्ष बनाए गए हैं जबकि, गणेश गोदियाल के साथ अभिषेक दत्त को भी सदस्य बनाया गया है। गोदियाल को यह जिम्मेदारी पार्टी के प्रति निष्ठा का इनाम मिला है। इससे गोदियाल समर्थकों में भी खुशी की लहर है। गोदियाल मूल रूप में पौड़ी जिले के बहेड़ी गांव पैठाणी इलाके के हैं। व्यक्तिगत जीवन में उन्होंने अपने संघर्षों से मेहनत कर यह सफलता प्राप्त की है। गोदियाल वर्ष 2002-2007 में पहली उत्तराखंड विधानसभा के लिए निर्वाचित किये गए थे। वे पैठाणी में राठ महाविद्यालय की स्थापना के दौरान चर्चित चेहरा बने। इसके बाद उन्होंने अपने आप को राजनीति में स्थापित करना शुरू किया। वर्ष 2007 में हुए विधानसभा चुनावों में गोदियाल निशंक के हाथों चुनाव हार गए। वर्ष 2012 में राठ का रण छोड़कर निशंक डोईवाला चले गए। इसके बाद नए परिसीमन पर हुए चुनावों में श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र से गणेश गोदियाल ने भाजपा के डॉ. धन सिंह रावत को विधानसभा में शिकस्त दी। वर्ष 2017 और 2022 में डॉ. धन सिंह रावत से विधानसभा में चुनाव कड़ी टक्कर के बावजूद वे हार गए। गणेश गोदियाल बद्री केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष भी रहे हैं। इसके बाद 2021 जुलाई में उन्हें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *