Tue. Sep 24th, 2024

भाजपा महिला मोर्चा ने मिलेट अभियान की शुरूआत की

समाचार इंडिया/देहरादून। बृहस्पतिवार को महा जनसम्पर्क अभियान एवं मिलेट प्रमोशन को लेकर भाजपा महिला मोर्चा अगस्त्यमुनि ब्लॉक के गवनी गांव में एक कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें मोटे अनाज को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश भाजपा संगठन द्वारा चलाये जा रहे महा जनसम्पर्क अभियान के तहत भाजपा महिला मोर्चा द्वारा मिलेट अभियान की शुरूआत की गई। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आशा नौटियाल द्वारा बृहस्पतिवार को अगस्त्यमुनि ब्लॉक के गवनी गांव से प्रारम्भ किये गये अभियान के तहत पूरे प्रदेश में 19 संगठनात्मक जिलों में यह अभियान चलाया जायेगा। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार ने महिला सशक्तीकरण के लिए महिला स्वयं सहायता समहों को सशक्त करने के लिए कई योजनाओं को लागू किया है।

मोटे अनाज को बढ़ावा देने के लिए हमारे पथपर्दशक प्रधानमंत्री मोदी ने प्रत्येक देशवासी को प्रेरित किया है। इसके लिए महिला मोर्चा की ओर से भी गांव गांव में गोष्ठियों के द्वारा मोटेे अनाज को बढ़ावा देने के लिए अभियान चलाने का निर्णय लिया है। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता को महा जनसम्पर्क अभियान के तहत गांव गांव में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा महिलाओं के उत्थान के लिए किए गये कार्यों के बारे में विस्तार से बताने का आह्वान किया। कहा कि कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं को गांव गांव जाकर ग्रामीणों के साथ मोटे अनाज का भोजन कर उसे प्रमोट करने का कार्य करना है।

जिससे हमारे किसान भाईयों की आय में बढ़ोत्तरी हो। भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष शकुन्तला जगवाण ने कहा कि इस कार्यक्रम में टिफिन भोज का भी आयोजन किया गया है। टिफिन भोज में सभी कार्यकर्ता अपने घरों से पहाड़ी अनाज के व्यंजन पकाकर टिफिन लायेंगे। जिसे सभी कार्यकर्ता मिल बांट कर खायेंगे। भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सबिता भण्डारी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर जिला संगठन पूरे मनोयोग से सम्पूर्ण जनपद में हर बूथ पर इस कार्यक्रम को आयोजित करेगा। जिसमें सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बढ़- चढ़कर भाग लेगा।

पूर्व प्रमुख ममता नौटियाल ने कहा कि आज पूरा देश प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास की नई गाथा लिख रहा है। महिलाओं के उत्थान के लिए कई योजनाओं को लागू किया है। जिससे आज महिलायें सम्मान के साथ जी रही हैं। जिला पंचायत सदस्य परकण्डी रीना बिष्ट ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकारों के कुशल नेतृत्व में महिलाओं के सर्वागीण विकास के लिए दर्जनों जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दर्शनी पंवार, पूर्व महिला जिलाध्यक्ष कुंवरी बर्त्वाल,जिला महामंत्री किरण शुक्ला,जिला उपाध्यक्ष सुमन जमलोकी, अगस्त्यमुनि नगर मण्डल अध्यक्ष बीना राणा, महिला अध्यक्ष मधु भट्ट, कुशला मैठाणी, विमला गोस्वामी, पार्वती गोस्वामी, बबीता कपरवाण, हेमलता नौटियाल, मीना पुण्डीर, भुवनेश्वरी बिष्ट, सुखदेई बिष्ट अंजू नौटियाल, शालिनी गोस्वामी, बबीता भटट्,आरती रावत, सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

केदार घाटी से हरीश गुसाईं व लक्ष्मण सिंह नेगी की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *