Sat. Sep 21st, 2024

मुख्यमंत्री ने बैराज और कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण

समाचार इंडिया/विकासनगर। प्रदेश मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को डाकपत्थर बैराज पहुंच कर बैराज व कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद यूजेवीएनएल के अधिकारियों से बांध परियोजनाओं व बिजली उत्तादन के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने यूजेवीएनएल के अधिकारियों से यह भी पूछा कि जल विद्युत परियोजनाओं की क्षेत्र में क्या क्या संभावनायें और हैं, जिन पर सरकार काम कर सके। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से क्षेत्र में बनी जल विद्युत परियोजनाओं से उत्पादन बढाने के बारे में जानकारी मांगी। जिस पर यूजेवीएनएल के अधिशासी निदेशक राजीव अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को बताया कि पछुवादून में छह जल विद्युत परियोजनायें छिबरो, खोदरी, ढकरानी, ढालीपुर व कुल्हाल के अलावा हाल में नवनिर्मित जल विद्युत परियोजना व्यासी हैं। जिनमें एक अप्रैल से 30 अक्टूबर तक कुल 1583 मिलीयन यूनिट बिजली का उत्पादन किया गया है। बताया कि नवनिर्मित जल विद्युत परियोजना व्यासी बांध ने पीक सीजन पर अपनी पूरी क्षमता एक सौ बीस मेगावाट बिजली के हिसाब से अकेले 288 मिलीयन यूनिट बिजली पैदा की है। बताया कि व्यासी बांध परियोजना का भविष्य लखवाड परियोजना पर काफी निर्भर है। लखवाड बांध परियोजना के बनने से व्यासी बांध परियोजना बरसात ही नहीं बल्कि चौबीसों घंटे अपनी क्षमता के अनुरूप बिजली पैदा कर सकेगी। इसलिए लखवाड बांध परियोजना का प्रदेश और देश के हित में जल्द निर्माण शुरु किया जाना चाहिए। दरअसल प्रदेश मुख्यमंत्री रविवार को हिमाचल विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रचार के लिए जा रहे थे। लेकिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कहने पर हेलीकॉप्टर अचानक रविवार सुबह करीब 9.45 पर डाकपत्थर बैराज पर उतरा गया। जिसके बाद प्रशासन सहित तमाम विभागों के अधिकारियों में हडकंप मच गया। आनन फानन में यूजेवीएनएल के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गये। हेलीकॉप्टर से उतरकर मुख्यमंत्री सीधे डाकपत्थर बैराज की ओर चल दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *