Sat. Sep 21st, 2024

नरेंद्र सिंह नेगी को संगीत नाट्य अकादमी पुरस्कार से किया सम्मानित

नई दिल्ली।

उत्तराखंड के लिए आज का दिन गौरवशाली है। सुप्रसिद्ध लोक गायक एवं गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी को संगीत नाट्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में आज उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू ने ये पुरस्कार प्रदान किया। पुरस्कार के रूप में उन्हें एक लाख रुपये की धनराशि, अंगवस्त्र और ताम्रपत्र दिया गया। नरेंद्र सिंह नेगी को लोकसंगीत के क्षेत्र में वर्ष 2018 के लिए यह पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा कला और साहित्य जगत की 44 अन्य हस्तियों को भी यह पुरस्कार प्रदान किया गया। गौरतलब है कि, पहले ये पुरस्कार राष्ट्रपति की ओर से दिया जाना था, लेकिन उनके विदेश दौरे की वजह से उपराष्ट्रपति ने ये पुरस्कार वितरित किए। नरेंद्र सिंह नेगी 12 अप्रैल को दिल्ली के मंडी हाउस में लोकगीतों की प्रस्तुति भी देंगे। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू भी मौजूद रहेंगे। संगीत नाटक अकादमी की सचिव टेमसुनारो जमीर ने बताया कि, पुरस्कार वितरण की परंपरा 1952 से चली आ रही है। इस कार्यक्रम में संगीत, नृत्य, रंगमंच, पारंपरिक कलाओं, कठपुतली कला और अन्य विविध प्रदर्शन कला के क्षेत्र में कलाकारों द्वारा दिए गए विशिष्ट योगदान के लिए उन्हें रत्न सदस्यता और अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है।पुरस्कारों का निर्णय अकादेमी महापरिषद् लेती है, जिसमें देश भर से नामित प्रतिष्ठित संगीतकार, नर्तक, थिएटर कलाकार और विद्वान शामिल होते हैं। संगीत नाटक अकादेमी पुरस्कार प्रदर्शन कला के क्षेत्र में प्रदर्शन करने वाले कलाकारों के साथ-साथ शिक्षकों और विद्वानों को भी यह राष्ट्रीय सम्मान दिया जाता है। यह सम्मान न केवल उत्कृष्टता और उपलब्धियों के सर्वोच्च मानक का प्रतीक है, बल्कि निरंतर व्यक्तिगत कार्य और योगदान को भी रेखांकित करता है। नरेंद्र सिंह नेगी का जन्म 12 अगस्त 1949 में पौड़ी जिले के पौड़ी गांव में हुआ। उन्होंने गायन और वादन की शुरुआत पौड़ी रामलीला से की थी। अब वह दुनिया भर में पहाड़ी संगीत और गीत की प्रस्तुति दे चुके हैं। गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी एक कवि, एक लेखक, एक गायक हैं, जिन्होंने पहाड़ की पीड़ा, दर्द, सुख, हंसी, खूबसूरती और अनेक रंगों को दुनिया के सामने शब्दों और संगीत के माध्यम से पेश किया। वहीं नरेंद्र सिंह नेगी के साथ लेखक दीवान सिंह बजेली का भी सम्मान हुआ। दीवान सिंह बजेली को थिएटर सिनेमा, उत्कृष्ट लेखन और कुमाऊंनी साहित्य में विशेष योगदान के लिए संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार वर्ष 2018 से अलंकृत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *