Thu. Dec 18th, 2025

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंहगाई के खिलाफ किया प्रदर्शन

ऊखीमठ।

बढ़ती मंहगाई के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील चौराहे पर केन्द्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की तथा खाली गैस सिलेंडर को फूलों की माला पहनाकर विदा किया तथा जनता से लकड़ी के चूल्हे अपनानी की अपील की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर चेतावनी दी कि यदि समय रहते बढ़ती मंहगाई पर रोक नहीं लगी तो जनता को उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होना पडे़गा। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत कांग्रेस कमेटी की वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष बसन्ती रावत के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती मंहगाई के खिलाफ तहसील चौराहे पर केन्द्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया तथा खाली गैस सिलेंडर को फूलों की माला पहनाकर विदा किया। प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस कमेटी की वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष बसन्ती रावत ने कहा कि महंगाई लगातार चरम पर होने के कारण आम आदमी का जीना दूभर हो गया है तथा गरीब तबके का परिवार दो जून की रोटी के लिए मोहताज बना हुआ है। कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री आनन्द सिंह रावत ने कहा कि कभी नोटबंदी, कभी जीएसटी और अब निरन्तर बढ़ती मंहगाई से जनता परेशान हो चुकी है तथा व्यापारियों का व्यापार खासा प्रभावित हो गया है। कहा कि डीजल व पेट्रोल के दामों में भारी उछाल आने से बस जीप, टैक्सी के किराये में वृद्धि होने से गरीब व्यक्ति मीलों पैदल चलने को विवश हो गया है। पूर्व प्रमुख संत लाल शाह ने कहा कि खाद्यान सामाग्री की चीजों के दाम भी निरन्तर बढ़ने से जनता परेशान है। रघुवीर पुष्वाण ने कहा कि लगातार मंहगाई चरम पर है परिणाम स्वरूप जनता परेशान है फिर भी केन्द्र व राज्य सरकार बढ़ती मंहगाई पर रोक लगाने में नाकाम साबित हो रही है। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील प्रशासन के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजकर बढ़ती मंहगाई पर रोक न लगने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। इस मौके पर सुरेन्द्र पुष्वाण, प्रकाश गुसाईं, रणजीत रावत, दिनेश सेमवाल, अनुसूया प्रसाद, शम्भू प्रसाद, प्रदीप, मदनपाल, कुलदीप सहित कई दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *