डॉ राजे सिंह नेगी ने बच्चों के साथ मनाया लोकपर्व फूलदेई
ऋषिकेश।
सोमवार को उत्तराखंड के सुदूरवर्ती पहाड़ी क्षेत्रों के साथ बाल पर्व फूलदेई बेहद उत्साह के साथ मनाया गया। अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के अध्यक्ष डॉ राजे सिंह नेगी ने हरिपुर कला स्थित आवास पर बच्चों के साथ प्रकृति का आभार प्रकट करने वाला लोक पर्व फूलदेई मनाया। उन्होंने बताया उत्तराखंड के अधिकांश क्षेत्रों में चैत्र संक्रांति से फूलदेई का त्योहार मनाने की परंपरा है। कुमाऊं और गढ़वाल के ज्यादातर इलाकों में आठ दिनों तक यह त्योहार मनाया जाता है। वहीं, कुछ इलाकों में एक माह तक भी यह पर्व मनाने की परंपरा है। बताया कि यह पर्व पूरे पर्वतीय अंचलों में धूमधाम से मनाया जाता है, जो हमारे दिनचर्या, ऋतुओं और उसके वैज्ञानिक पक्ष से जुड़ा है। किसी भी समाज के विकास के लिए वहां के रीति रिवाज और लोकपर्वों का भी विशेष योगदान होता है। इस शुभ पर्व पर हम सबको अपने नौनिहालों से घर की देहरी पर पुष्प वर्षा कराकर उन्हें शगुन तथा उपहार देकर इस त्यौहार को जीवंत बनाएं रखने के प्रयास करने चाहिए।वहीं उत्तराखंड की संस्कृति एवं त्यौहारों के प्रचार प्रसार में जुटी मैत्री संस्था की अध्यक्ष कुसुम जोशी ने कहा कि पलायन के कारण उत्तराखंड के सभी अंचलों में पारंपरिक त्योहारों और रीति-रिवाजों पर असर पड़ा है। ऐसे में फूलदेई के प्रति इतना उल्लास संतोष देता है कि हमारी लोक संस्कृति और परंपराएं हमें अपनी जड़ों से जुड़े रहने की प्रेरणा देती है।
