Sat. Sep 21st, 2024

भाजपा के दावे पर भड़की कांग्रेस

देहरादून।

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव परिणाम से पहले भाजपा विधायक ने बड़ा दावा किया है। बदरीनाथ से भाजपा विधायक महेंद्र भट्ट ने दावा किया है कि, कांग्रेस के कई जिताऊ प्रत्याशी पार्टी के संपर्क में हैं और जरूरत पड़ने पर इन सभी को भाजपा में लाया जाएगा। वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बीजेपी विधायक के इस दावे पर चुटकी ली है। उन्होंने कहा कि, 2016 में भाजपा के जो प्रयास रहे हैं उसको देखते हुए बार-बार काठ की हांडी नहीं चढ़ेगी। वहीं कुछ दिन पूर्व मुख्यमंत्री कार्यालय के चतुर्थ तल में हुए अग्निकांड के भी मायने निकालते हुए कहा कि, ये अग्निकांड समझा जा सकता है कि, जब सत्ता परिवर्तन का आभास होता है, तब ऐसे समय में चतुर्थ तल में अग्निकांड होने का अर्थ क्या हो सकता है? यह सब समझते हैं।दरअसल, महेंद्र भट्ट ने कहा है कि देश को कांग्रेस मुक्त बनाने की मुहिम भाजपा चला रही है। इस मुहिम में जो भी कांग्रेस के नेता जुड़ना चाहते हैं, उनको जोड़ा जा रहा है। सर्वे के आधार पर जो जीतने वाले प्रत्याशी हैं, उनसे संपर्क किया जा रहा है, ताकि बहुमत में आने वाली भाजपा सरकार को और भी ताकतवर बनाया जा सके। प्रदेश में चुनावी परिणाम से पहले भाजपा के विधायक का यह दावा राजनीतिक रूप से बेहद बड़ा है। अगर विधायक की बातों में जरा भी सच्चाई है तो कांग्रेस परेशानी में आ सकती है। ऐसे में बीजेपी विधायक के इस दावे के बाद कांग्रेस की चिंताएं बढ़ना लाजमी है। हालांकि कांग्रेस भाजपा के विधायक के इस बयान को दूसरे रूप में देख रही है। इस पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का कहना है कि, जिस तरह भाजपा के विधायक ने बयान दिया है। उससे साफ है कि भाजपा भी मान रही है कि उनकी सरकार नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि साल 2016 में जो लोग कांग्रेस छोड़ कर गए थे। उनके साथ क्या हुआ? यह सभी जानते हैं। लिहाजा अब कोई भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल नहीं होने वाला है। गणेश गोदियाल का कहना है कि कांग्रेस सेफ जोन में हैं, क्योंकि हम गांधीजी के विचारों पर चलने वाले लोग हैं। हम बाबा साहब अंबेडकर के संविधान में विश्वास करने वाले लोग हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में जनता के आशीर्वाद से सत्ता में आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *