Sat. Sep 21st, 2024

अनुराग ठाकुर ने लखनऊ में भाजपा कार्यालय की छत पर भाजपा महिला मोर्चा और भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ उड़ाई पतंग

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में प्रदेश के सह प्रभारी केन्द्र सरकार में सूचना प्रसारण तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अनुराग ठाकुर ने वसन्त पंचमी पर शनिवार को लखनऊ में लोगों को शुभकामना देने के साथ पतंग भी उड़ाई। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए अनुराग ठाकुर को भाजपा संगठन ने केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के साथ बड़े काम में लगाया है।

अनुराग ठाकुर प्रदेश भर में बेहद सक्रिय हैं। लखनऊ के साथ ही अन्य जिलों में भाजपा के प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने में लगे मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को लखनऊ में वसन्त पंचमी पर्व पर अपनी सक्रियता दिखाई। उन्होंने लखनऊ में भाजपा कार्यालय की छत पर भाजपा महिला मोर्चा और भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ पतंग उड़ाई।

इस दौरान उन्होंने सभी में जोश भरने के साथ कहा कि आज का यह कार्यक्रम दिखाता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने कैसे विकास की उड़ान भरी है। उत्तर प्रदेश ने मोदी जी और योगी जी के नेतृत्व में विकास की उड़ान भर एक इतिहास लिखा है और आगे भी हम यूपी को विकास की नई ऊंचाइयों पर लेकर जाएंगे।

अनुराग ठाकुर ने इससे पहले शुक्रवार को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में मीडिया को संबोधित किया था। उन्होंने कहा था कि कहा कि अपराधी छवि वाले कभी गरीबों का उत्थान नहीं कर सकते। उनके निशाने पर समाजवादी पार्टी थी। उन्होंने कहा कि इसी कारण गरीब भी कहता है कि जो टोटी चुराते हैं, वह रोटी क्या देंगे। अनुराग ठाकुर ने केन्द्र तथा राज्य सरकार की बड़ी उपलब्धियां बताते हुए कहा कि मोदी और योगी सरकार ने करके दिखाया है, आगे भी करके दिखाएंगे। मोदी-योगी का जोर है। यूपी में विकास चारों ओर है, बीजेपी ट्रिपल सेंचुरी लगाने की ओर है। नो कंफ्यूजन, नो मिस्टेक, न आएंगी मायावती, न आएंगे अखिलेश। उन्होंने चुनाव में नया नारा देते हुए कहा कि साइकिल रखो नुमाइश में, कमल ही खिलेगा बाइस में।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *