Fri. Apr 17th, 2026

पेयजल एवं स्वच्छता कार्यों की प्रगति की समीक्षा की

logo

देहरादून। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में स्वजल एवं रीप द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुये सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए ।

जिलाधिकारी ने स्वजल के अंतर्गत किए जा रहे पेयजल एवं स्वच्छता कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला स्वजल परियोजना प्रबंधक को निर्देश दिए कि सभी कार्यों का फोटो सहित विस्तृत विवरण तैयार कर प्रस्तुत किया जाए, ताकि जमीनी स्तर पर कार्यों की पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक प्रभाव आमजन तक पहुंचे, इसके लिए सम्बंधित अधिकारी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने परियोजना प्रबंधक रीप को निर्देशित किया कि वे फील्ड विजिट को और अधिक सक्रिय बनाएं तथा विभिन्न क्षेत्रों में जनजागरूकता हेतु इवेंट्स आयोजित करें। साथ ही परियोजनाओं की प्रभावी मार्केटिंग एवं ब्रांडिंग पर भी विशेष ध्यान देने को कहा, जिससे योजनाओं की पहचान बढ़े और अधिक से अधिक लाभार्थी इनसे जुड़ सकें।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं परिणामोन्मुखी हो, तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

इस दौरान जिला परियोजना प्रबंधक रीप ने पीपीटी के माध्यम से जानकारी दी कि वर्ष 2025-26में अल्ट्रा पुवर गतिविधि के तहत 280एवं व्यक्तिगत उद्यम के अंतर्गत 346लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है वंही जलवायु आधारित कृषि पर 1000लोगो को प्रशिक्षण तथा चारा विकास पर 800लाभार्थियों को प्रशिक्षण दिया गया है। उन्होंने बताया कि पशु नस्ल सुधार कार्यक्रम के तहत पशुपालन विभाग के सहयोग से 49 पशु सखियों का चयन कर उन्हें 2500 रुपये प्रतिमाह मानदेय के रूप में दिए जा रहे है।उन्होंने बताया कि समय समय पर जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण लोगों की जीवन स्तर में सुधार हेतु जन जागरूकता एवं प्रचार प्रसार के कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *