पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है भाजपा
देहरादून। भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता अनुकृति गुस्साई ने दुखद अंकिता प्रकरण को लेकर कांग्रेस पर भ्रामक और गैरजिम्मेदार राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने विपक्षी रवैए की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने पहले दिन से ही इसमें संवेदनशीलता, पारदर्शिता और सर्वोच्च न्यायसंगत कार्रवाई का परिचय दिया है। मुख्यमंत्री धामी ने केवल आश्वासन नहीं दिए, बल्कि ठोस कदमों के जरिए दोषियों को उम्रकैद की सजा तक पहुँचाया है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि सरकार द्वारा इस संवेदनशील और दुर्भाग्यपूर्ण घटना में भी हमेशा तत्काल, कठोर एवं निर्णायक कदम उठाये हैं। चाहे वह आरोपियों की गिरफ्तारी हो, चाहे एसआईटी गठन और उसकी कार्रवाई हो जिसके आधार पर तीनों हत्यारों को उम्रकैद की सजा हुई है। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के निर्देश पर इतनी कड़ी कानूनी पैरवी की गई कि आरोपियों की कभी जमानत तक नहीं हो पाए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिजनों के साथ सरकार और प्रशासन हर समय खड़ी रही और एक एक कदम उनकी सहमति से उठाया गया। अंकिता के परिजनों की भावनाओं और माँगों का सम्मान करते हुए राज्य सरकार ने सरकारी अधिवक्ता बदले। उनकी मांग ही CBI जांच के आदेश दिए गए। मुख्यमंत्री धामी ने स्वयं उनके पैतृक गांव जाकर पीड़ित परिवार को को ₹25 लाख की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा। इतना ही नहीं, दिवंगत बेटी के पिता और भाई को सरकारी नौकरी प्रदान कर संकट की इस घड़ी में सरकार ने परिवार को संबल और संवेदनशीलता का परिचय दिया गया। उन्होंने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि नारेबाजी और दिखावे का रुदन करने वाले कांग्रेस नेता केवल राजनीतिक रोटियाँ सेकने और जनता के बीच भ्रम फैलाने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं। जबकि सरकार ने पहले ही स्पष्ट किया है कि यदि किसी के पास भी इस संबंध में कोई ठोस साक्ष्य है, तो वह जांच एजेंसियों के समक्ष प्रस्तुत कर सकता है। भाजपा सरकार का रुख इस मामले में पहले दिन से बिल्कुल स्पष्ट रहा है कि अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे कानून के तहत कठोरतम सजा दिलाई जाएगी। भाजपा भी पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है और भविष्य में भी न्याय की ऐसी लड़ाइयों में हरसंभव सहयोग के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि दुष्प्रचार के लिए कांग्रेस मे नारेबाजी की प्रतियोगिता भी बड़े क्षत्रपों के बीच चल रही है और यह दिल्ली दरवार को खुश करने के लिए किया जा रहा है। जनता असलियत जानती है और इसका कोई असर नही होगा।
