राहुल ने डोभाल ही नहीं, देवभूमि के प्रत्येक सैनिक परिवार का अपमान किया: कर्नल भंडारी

भाजपा पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक कर्नल रघुबीर सिंह भंडारी ने कहा कि राहुल गांधी का यह बयान सिर्फ एक व्यक्ति विशेष पर हमला नहीं है, बल्कि यह देश के प्रत्येक सैनिक, सुरक्षा बलों और विशेषकर उत्तराखंड के प्रत्येक वीर जवान के शौर्य व बलिदान का सीधा अपमान है। उत्तराखंड की पावन भूमि हर घर से देश रक्षा के लिए जवान भेजती है, और अपनी मातृभूमि के वीरों व सुरक्षा नायकों के अपमान को प्रदेशवासी कभी सहन नहीं करेंगे। पूर्व सैनिकों ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा, हमारी सेना और देश के स्वाभिमान से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर ओछी और गैर-जिम्मेदाराना राजनीति करना तत्काल बंद करें। निरंतर राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों और सेना का मनोबल गिराना कांग्रेस की पुरानी आदत बन चुकी है, जिसका माकूल जवाब देश की जनता और वीर सैनिक देंगे। इस अवसर पर राज्य के विभिन्न जिला मुख्यालयों एवं मंडलों में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, पार्टी पदाधिकारी और देवभूमि के नागरिक उपस्थित रहे।
