राष्ट्रपति ने कांस्य पदक जीतने पर परिनाज़ और अनंतजीत को दी बधाई
देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एशियाई खेलों में निशानेबाजी की स्कीट मिक्स्ड टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर परिनाज़ धालीवाल और अनंतजीत सिंह नारुका को बधाई दी है। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि एशियाई खेलों में स्कीट मिश्रित टीम स्पर्धा में भारत का यह पहला पदक है। राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों के उत्कृष्ट टीम वर्क और निरंतरता के प्रदर्शन से इन खेलों में स्कीट में भारत के मजबूत प्रदर्शन में वृद्धि हुई है। राष्ट्रपति ने महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने पर सीमा कुमारी को भी बधाई दी। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि उनके शानदार प्रदर्शन ने इस स्पर्धा में भारत के 16 साल के पदक के इंतजार को समाप्त कर दिया है। उन्होंने इसे सीमा के खेल सफर में यादगार उपलब्धि और अपार गर्व का क्षण बताया। राष्ट्रपति ने खेलों में 4 गुणा 400 मीटर मिक्स्ड रिले में रजत पदक जीतने पर एम आर पूवम्मा, विथ्या रामराज, मनु टी एस और विशाल टी के को भी बधाई दी। राष्ट्रपति ने कहा कि उनके सराहनीय प्रदर्शन और टीम वर्क ने भारत के एथलेटिक्स सफर में एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि जोड़ दी है।
