विभिन्न योजनाओं की प्रगति को लेकर बैठक
चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में आज जिला सभागार में जनपद की समस्त शहरी स्थानीय निकायों की व्यवस्थाओं में सुधार एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सेप्टिक टैंक प्रबंधन, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), पीएम स्वनिधि सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने निकाय क्षेत्रों में अधिक मात्रा में कूड़ा उत्पन्न करने वाले संस्थानों, होटलों, धर्मशालाओं एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का चिन्हीकरण करते हुए उनके लिए प्रभावी बल्क वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी संस्थानों द्वारा अपशिष्ट का वैज्ञानिक एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप निस्तारण कराया जाए। बैठक में सेप्टिक टैंक मैनेजमेंट प्रोटोकॉल को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिशासी अधिकारी जल संस्थान के साथ समन्वय स्थापित कर सेप्टिक टैंक की सफाई करने वाले सभी वेंडरों का अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराएं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सेप्टिक अपशिष्ट का निस्तारण केवल एसटीपी के माध्यम से ही किया जाए। साथ ही सेनिटरी इंस्पेक्टरों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में सेप्टिक अपशिष्ट का सीधे नदी-नालों में डिस्चार्ज न हो। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए जिलाधिकारी ने लीगेसी वेस्ट के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी नगर निकायों में सैनिटरी लैंडफिल साइट, ट्रेंचिंग ग्राउंड तथा एमआरएफ सेंटर के लिए भूमि आवंटन एवं भूमि चिन्हीकरण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने तथा कम्पेक्टर मशीनों के संचालन एवं आवश्यक संयंत्र स्थापित करने की कार्यवाही में तेजी लाने को कहा।बैठक में बताया गया कि जनपद के 68 वार्डों में अप्रैल से जून माह के दौरान डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण अभियान के तहत 24,594 प्रतिष्ठानों से ₹18,26,053 की आय प्राप्त हुई है। वहीं गीले कूड़े से तैयार कम्पोस्ट खाद के विक्रय से ₹14,620 की अतिरिक्त आय अर्जित की गई।
जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्रों में संचालित 79 सार्वजनिक शौचालयों के कुल 354 सीटों की नियमित साफ-सफाई एवं बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी श्री नंदा देवी राजजात यात्रा को देखते हुए यात्रा मार्ग पर शौचालयों एवं स्नानागारों की समुचित व्यवस्था समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में स्वीकृत 1,851 आवासों का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। वहीं पीएम स्वनिधि योजना के तहत निर्धारित 2,145 लाभार्थियों के लक्ष्य को समयबद्ध रूप से पूरा करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। बैठक में एबीसी सेंटर एवं रजत जयंती पार्क की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
