‘टीम गौरा शक्ति‘ का किया गठन
देहरादून। टिहरी पुलिस ने जिले में महिला अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने और छात्राओं को सुरक्षित माहौल देने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देश पर हर थाने में ‘टीम गौरा शक्ति‘ का गठन किया गया है। यह टीम स्कूल-कॉलेजों के बाहर नियमित गश्त के साथ-साथ जागरूकता अभियान भी चलाएगी। जिन थानों में महिला सब-इंस्पेक्टर तैनात हैं, वे टीम का नेतृत्व करेंगी, जबकि अन्य थानों में एडिशनल सब-इंस्पेक्टर और महिला हेड कांस्टेबल टीम की कमान संभालेंगी। सभी सदस्यों को महिला सुरक्षा, संवेदनशील मामलों के निस्तारण और प्रभावी संवाद का विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है। टीम गौरा शक्ति स्कूलों, कॉलेजों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त करेगी। खासतौर पर छुट्टी के समय पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही टीम छात्राओं को साइबर अपराध, आत्मरक्षा, महिला हेल्पलाइन और उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देकर जागरूक भी करेगी।
