फर्जी मार्कशीट के सहारे नौकरी पाने वाला आरोपी गिरफ्तार
श्रीनगर। कोतवाली श्रीनगर पुलिस ने फर्जी शैक्षणिक दस्तावेजों के आधार पर नौकरी हासिल करने वाले एक आरोपी को उत्तर प्रदेश के बिजनौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से फर्जी अंकतालिका भी बरामद की गई है।पुलिस के अनुसार, 25 मार्च 2026 को एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. जय सिंह चौहान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोग विश्वविद्यालय के नाम पर फर्जी अंकतालिकाएं, उपाधियां, लोगो, मोहर और हस्ताक्षर तैयार कर उनका असली दस्तावेजों की तरह उपयोग कर रहे हैं, जिससे विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है। शिकायत के आधार पर कोतवाली श्रीनगर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने जांच के दौरान मुख्य आरोपी कासिफ कलिम (35) पुत्र छुट्टन खान, निवासी सैय्यदपुरा, थाना नगीना, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) को स्थानीय पुलिस की सहायता से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से मामले से संबंधित फर्जी मार्कशीट भी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह देहरादून के एक कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई कर रहा था, लेकिन परीक्षा में असफल हो गया था। नौकरी पाने के उद्देश्य से उसने फर्जी मार्कशीट तैयार करवाई और उसी के आधार पर बैंक सहित अन्य संस्थानों में नौकरी की।पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और जांच जारी है।
