ईवीएम एवं वीवीपैट वेयर हाउस का किया मासिक निरीक्षण
देहरादून। अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक प्रकाश ने आज ईवीएम एवं वीवीपैट वेयर हाउस का मासिक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं रखरखाव व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेयर हाउस में स्थापित सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन यंत्रों, अलार्म सिस्टम तथा अन्य सुरक्षा उपकरणों के संचालन की स्वयं जांच की। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी सुरक्षा उपकरण पूरी तरह क्रियाशील रहें तथा उनके संचालन में किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या न हो। साथ ही सुरक्षा मानकों का नियमित रूप से परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्ट्रांग रूम तथा निर्वाचन से संबंधित संवेदनशील सामग्रियों का सुरक्षित एवं व्यवस्थित प्रबंधन सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ किया जाए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक की संभावना न रहे। इस अवसर पर सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डी.सी. सती, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रतिनिधि मदन लोहनी, आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि अनूप रावत, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
