कार्यदायी संस्था को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए
अल्मोड़ा। क्वारब डेंजर जोन में चल रहे सुधारात्मक एवं सुरक्षात्मक कार्यों का आज सचिव, लोक निर्माण विभाग उत्तराखंड शासन डॉ. पंकज कुमार पांडे एवं जिलाधिकारी श्री अंशुल सिंह ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सचिव डॉ. पांडे ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि “यह जनपद का मुख्य मार्ग है, इसलिए यहां चल रहे कार्यों में और तेजी लाई जाए। मशीनों एवं संसाधनों की संख्या में तत्काल बढ़ोतरी की जाए ताकि कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण हो सके।” उन्होंने कहा कि कार्यों के दौरान यातायात व्यवस्था बाधित न हो, इसके लिए विशेष कार्ययोजना बनाई जाए। सचिव ने निर्देश दिए कि भारी वाहनों की आवाजाही हेतु दिन या रात का समय निर्धारित कर प्लान बनाकर प्रस्तुत किया जाए। भारी वाहनों का आवागमन केवल उसी निर्धारित समय में किया जाए। डॉ. पांडे ने स्पष्ट किया कि हल्के वाहनों को केवल क्वारब बाईपास मार्ग से ही संचालित किया जाए। ऐसा करने से एक ओर निर्माण कार्य निर्बाध गति से चलेगा, वहीं दूसरी ओर भारी वाहनों की आवाजाही भी सुनिश्चित होगी और आम जनता को राहत मिलेगी। सचिव ने मौके पर मौजूद अभियंताओं से कार्यों की विस्तृत तकनीकी जानकारी ली तथा कार्यों को पूर्ण *गुणवत्ता एवं निर्धारित गति* से करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए।इस दौरान जिलाधिकारी श्री अंशुल सिंह ने बताया कि क्वारब में चल रहे कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है तथा ट्रैफिक प्लान का अनुपालन पुलिस एवं परिवहन विभाग के समन्वय से सुनिश्चित कराया जाएगा।
