Thu. Jun 11th, 2026

सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाया

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद पौड़ी गढ़वाल में सरकारी भूमि, सार्वजनिक परिसंपत्तियों एवं राजकीय संस्थानों की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन द्वारा अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में राजस्व विभाग की टीमों द्वारा विभिन्न तहसीलों में निरीक्षण कर अतिक्रमण के मामलों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में तहसील लैंसडौन के तोल्यूं तोक, ग्राम च्वरा, पट्टी डबरालस्यूं-03 में सरकारी भूमि पर अतिरिक्त तारबाड़ लगाकर किए गए अतिक्रमण को चिन्हित कर हटाया गया। वहीं तहसील रिखणीखाल के ग्राम गुर्डेता (पट्टी बिचलाबदलपुर-4), ग्राम घेडी (पट्टी बिचलाबदलपुर-2) तथा ग्राम कण्डिया तल्ला (पट्टी बिचलाबदलपुर-5) में राजस्व भूमि से अस्थायी अतिक्रमण हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
तहसील कोटद्वार अंतर्गत ग्राम नंदपुर, पट्टी मोटाढाक स्थित पटवारी चौकी मोटाढाक की भूमि पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को भी हटाया गया। इसके अतिरिक्त ग्राम खूनीबड़, पट्टी मोटाढाक में बंजर श्रेणी की सरकारी भूमि पर तारबाड़, गमलों एवं नर्सरी के माध्यम से किए गए अतिक्रमण को चिन्हित किया गया, जिसे संबंधित व्यक्ति द्वारा स्वयं हटा लिया गया।जिलाधिकारी ने कहा कि राजकीय भूमि, सार्वजनिक मार्गों, चारागाहों, बंजर भूमि एवं अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी तहसीलों में नियमित निरीक्षण, सतत निगरानी एवं अतिक्रमण के मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही आमजन से अपील की है कि सरकारी भूमि पर किसी भी अवैध कब्जे या अतिक्रमण की सूचना तत्काल तहसील प्रशासन अथवा राजस्व विभाग को दें, ताकि समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। जनहित में अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *