Wed. Jun 10th, 2026

जिलाधिकारी ने दिए राजस्व बढ़ाने के निर्देश

बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में राजस्व प्राप्ति, राजस्व संवर्द्धन तथा विभिन्न न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को राजस्व बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने संभागीय परिवहन अधिकारी, उप जिलाधिकारियों एवं पुलिस विभाग को सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाने और आबकारी विभाग एवं पुलिस को अवैध शराब की तस्करी रोकने हेतु नियमित चेकिंग अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिला पूर्ति अधिकारी को मानसून पूर्व आपदा प्रभावित क्षेत्रों में समय पर राशन पहुंचाने तथा राशन कार्डों के सत्यापन कार्य में तेजी लाने को कहा। साथ ही सभी उप जिलाधिकारियों को राशन कार्ड सत्यापन का रेंडम वेरिफिकेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने राज्य कर विभाग को जनपद के सभी होटल, रेस्टोरेंट एवं अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों का शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने,खाद्य सुरक्षा अधिकारी को खाद्यान्नों की सैंपलिंग बढ़ाने तथा श्रम विभाग को अभियान चलाकर मनरेगा श्रमिकों का पंजीकरण कर विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। वहीं गरुड़ और बागेश्वर में ट्रचिंग ग्राउंड निर्माण को लेकर संबंधित उप जिलाधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर भूमि चिन्हित करने को कहा। जिलाधिकारी ने वन विभाग को पिंडारी ट्रैक पर पर्यटकों के पंजीकरण की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए, ताकि ट्रैक पर आने वाले सभी पर्यटकों का सटीक विवरण उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *