Mon. Jun 1st, 2026

डीएम ने राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया

अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने क्वारब में वैकल्पिक बाईपास मार्ग तथा राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर वर्षा के बाद मार्गों की स्थिति एवं संचालित कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने व्यापार मंडल प्रतिनिधियों के साथ पूरे वैकल्पिक बाईपास मार्ग का निरीक्षण किया तथा मार्ग को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को मुख्य मार्ग के सुधार के कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजमार्ग पर आवागमन को जल्द सुचारू करने के लिए मशीनों की संख्या बढ़ाई जाए तथा कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कार्यों की साप्ताहिक प्रगति योजना तैयार कर उसके अनुसार कार्य करने के निर्देश भी दिए।जिलाधिकारी ने यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को ट्रैफिक की लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी स्थिति में जाम की समस्या उत्पन्न न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों एवं स्थानीय लोगों को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।इस अवसर पर व्यापार मंडल प्रतिनिधियों ने मार्ग निर्माण कार्यों, यातायात संचालन एवं स्थानीय समस्याओं के संबंध में अपनी चिंताओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए हर संभव समाधान करने का आश्वासन दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *